BREAKING: देवघर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को जिला भू-अर्जन कार्यालय में छापा मारा. इस दौरान एसीबी की टीम ने रिंग रोड परियोजना के मुआवजे की राशि जारी करने के नाम पर रिश्वत लेते हुए दो कर्मचारियों को रंगे हाथ दबोच लिया.
मुआवजे के लिए मांग रहे थे रिश्वत
गिरफ्तार किए गए कर्मियों की पहचान निरंजन और नुनु देव के रूप में हुई है. इन दोनों पर आरोप है कि वे रिंग रोड के लिए अधिग्रहित की गई जमीन के मुआवजे की राशि भुगतान करने के बदले लाभुकों से कुल रकम का 5 प्रतिशत कमीशन मांग रहे थे. एक पीड़ित लाभुक ने इस भ्रष्टाचार की शिकायत एसीबी से की थी, जिसके बाद मामले की जांच शुरू हुई.
जाल बिछाकर रंगे हाथ पकड़े गए आरोपी
एसीबी ने शिकायत मिलने के बाद मामले का सत्यापन कराया और आरोप सही पाए जाने पर जाल बिछाया. शुक्रवार को जैसे ही लाभुक से रिश्वत की रकम ली गई, वैसे ही टीम ने दोनों कर्मियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. मौके से घूस के पैसे भी बरामद किए गए हैं.
रिंग रोड परियोजना से जुड़ा है मामला
देवघर में रिंग रोड बनाने के लिए बड़े पैमाने पर जमीन का अधिग्रहण हुआ है. सरकार की ओर से किसानों और जमीन मालिकों को मुआवजा दिया जा रहा है. इसी मुआवजे की फाइल को आगे बढ़ाने और भुगतान जारी करने के नाम पर ये कर्मी लंबे समय से कमीशन की मांग कर रहे थे.
दुमका ले गई एसीबी की टीम
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ दुमका ले गई है, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जाएगी. इस कार्रवाई के बाद भू-अर्जन कार्यालय और अन्य सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है. भ्रष्टाचार के खिलाफ हुई इस कार्रवाई से पीड़ित भू-स्वामियों ने राहत की सांस ली है.