Jharkhand Cabinet Meeting: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में राज्य के विकास और जनहित से जुड़े 40 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है. इस बैठक में शिक्षा, पर्यटन और सरकारी कर्मचारियों के लिए कई बड़े बदलाव किए गए हैं. पर्यटन को बढ़ावा देने और राजस्व जुटाने के लिए सरकार ने टैक्स रूल्स को मंजूरी दे दी है. इसके तहत अब राज्य के होटलों में ठहरने वाले पर्यटकों को अतिरिक्त टैक्स देना होगा.
शिशु देखभाल अवकाश (चाइल्ड केयर लीव) के नियमों में बदलाव
महिला कर्मचारियों और एकल पुरुष कर्मचारियों के लिए शिशु देखभाल अवकाश के नियमों को और भी बेहतर बनाया गया है. अब दो साल के कुल अवकाश के दौरान:
- शुरुआती एक साल की छुट्टी पर पूरा वेतन (100%) मिलेगा.
- दूसरे साल की छुट्टी लेने पर 80 फीसदी वेतन दिया जाएगा.
- यह फैसला कर्मचारियों को अपने बच्चों की परवरिश के लिए बड़ी राहत प्रदान करेगा.
छात्रों और एनसीसी कैडेट्स के लिए सौगात
मानकी मुंडा छात्रवृत्ति योजना: तकनीकी शिक्षा ले रही छात्राओं के लिए इस योजना में संशोधन किया गया है ताकि अधिक छात्राओं को लाभ मिल सके.
NCC कैडेट्स: एनसीसी कैडेट्स के नाश्ते की राशि में बढ़ोतरी की गई है.
छात्रावास का स्थान परिवर्तन: रांची विमेंस कॉलेज का प्रस्तावित छात्रावास अब मोराबादी में बनाया जाएगा.
नया डिग्री कॉलेज: सारठ के महिला विद्यालय को अब पूर्ण डिग्री कॉलेज का दर्जा दे दिया गया है.
नियुक्तियों और जनगणना के लिए नई व्यवस्था
जनगणना: आगामी जनगणना कार्यों के लिए अब आउटसोर्सिंग के माध्यम से कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएंगी.
ड्राइविंग इंस्टिट्यूट: राज्य में नए ड्राइविंग इंस्टिट्यूट खोलने के लिए बजट को मंजूरी दी गई है.
नियुक्ति नियमावली: राजकीय विश्वविद्यालयों में नियुक्तियों के लिए आरक्षण रोस्टर और ऑनलाइन परीक्षा नियमावली को भी स्वीकृति दी गई है.
इसके साथ ही कई अन्य प्रस्तावों पर मुहर लगी है.