Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-12

Jharkhand Crime News: एयरपोर्ट हत्याकांड मामले में कुख्यात प्रिंस खान का 15 मार्च तक का अल्टीमेटम, मांगी लाखों की रंगदारी

Jharkhand Crime News: राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में हुए हत्याकांड के बाद कुख्यात प्रिंस खान के हौसले बुलंद हैं. उसने अब पीड़ित परिवार को धमकी देते हुए 15 मार्च तक 15 से 20 लाख रुपए में मामला रफा-दफा करने का अल्टीमेटम दिया है.

हत्या के बाद अब रंगदारी की धमकी
बीते शनिवार की रात लगभग 8 बजे प्रिंस खान के गुर्गों ने एक होटल में घुसकर गोलीबारी की थी. इस हमले में होटल संचालक राजकुमार गोप के भाई मनीष गोप की जान चली गई थी. वारदात को अंजाम देने के बाद शूटर बड़े आराम से बाइक पर सवार होकर फरार हो गए थे. अब प्रिंस खान पीड़ित पुष्कर महतो और उनके बेटे को डरा रहा है कि अगर पैसा नहीं मिला, तो अंजाम बुरा होगा.

पुलिस के हाथ अब तक खाली
हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी रांची पुलिस अब तक किसी भी शूटर को गिरफ्तार नहीं कर पाई है. पुलिस की इस सुस्ती के बीच अपराधी लगातार सक्रिय हैं और पीड़ित परिवार को धमका रहे हैं. धमकी मिलने के बाद से पूरे परिवार में डर का माहौल है. हालांकि, इस मामले की जानकारी एयरपोर्ट थाना प्रभारी को दे दी गई है.

झारखंड में पैर पसारता प्रिंस खान का गिरोह
कुख्यात प्रिंस खान अब केवल धनबाद तक सीमित नहीं है, बल्कि वह रांची और बोकारो जैसे जिलों में भी अपने पैर पसार रहा है. हाल के दिनों में उसने कई कारोबारियों को धमकी देकर दहशत फैला दी है. रांची के खरसीदाग थाने में भी उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जहां उसने एक व्यापारी को डराया था.

पुलिस के लिए बनी बड़ी चुनौती
लगातार मिल रही धमकियों और वारदातों ने झारखंड पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक तरफ जहां अपराधी खुलेआम अल्टीमेटम दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पुलिस जांच का हवाला दे रही है. कारोबारियों और आम जनता के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !