Ranchi: राजधानी रांची में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अरगोड़ा चौक से नया सराय रिंग रोड तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क परियोजना को लेकर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन की ओर से इस संबंध में प्रारंभिक अधिसूचना जारी कर दी गई है, जिसमें प्रभावित भूमि और रैयतों का विवरण शामिल है।
6.175 किलोमीटर लंबी सड़क का होगा निर्माण
जानकारी के अनुसार अरगोड़ा चौक से पुंदाग होते हुए नया सराय रिंग रोड तक लगभग 6.175 किलोमीटर लंबी चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। इस परियोजना में सड़क के साथ-साथ आवश्यक पुल और पुलिया का निर्माण भी शामिल है, जिससे आने वाले समय में इस मार्ग पर यातायात और अधिक सुगम हो सकेगा।
टुंडुल मौजा की जमीन होगी अधिग्रहित
इस सड़क निर्माण के लिए अरगोड़ा अंचल के अंतर्गत आने वाले मौजा टुंडुल की विभिन्न खाता और प्लॉट की जमीन अधिग्रहित की जाएगी। बताया गया है कि करीब ढाई से तीन एकड़ भूमि इस परियोजना के लिए ली जाएगी। जिला भू-अर्जन कार्यालय ने अधिसूचना जारी कर संबंधित भूमि मालिकों के नाम, खाता संख्या, प्लॉट संख्या और अधिग्रहित होने वाले क्षेत्रफल की जानकारी सार्वजनिक की है।
आपत्ति दर्ज कराने के लिए 60 दिन का समय
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन रैयतों की भूमि इस परियोजना में शामिल है, उन्हें नियमानुसार मुआवजा और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। यदि किसी भूमि मालिक को अधिग्रहण को लेकर कोई आपत्ति या दावा करना है, तो वह अधिसूचना जारी होने की तारीख से 60 दिनों के भीतर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, रांची के कार्यालय में अपना आवेदन दे सकता है।
इस सड़क परियोजना के पूरा होने के बाद शहर के इस हिस्से में ट्रैफिक दबाव कम होने और आवागमन में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।