Reliance Industries: रिलायंस इंडस्ट्रीज ने देश में रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर एक आधिकारिक बयान जारी किया है। कंपनी ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में चल रही अनिश्चितता के बावजूद भारत के घरों तक जरूरी ईंधन की लगातार आपूर्ति बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।
जामनगर रिफाइनरी में बढ़ाया जाएगा एलपीजी उत्पादन
कंपनी के अनुसार गुजरात के जामनगर स्थित रिफाइनरी में एलपीजी (रसोई गैस) के उत्पादन को बढ़ाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य घरेलू बाजार में गैस की आपूर्ति को संतुलित बनाए रखना और उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की परेशानी से बचाना है।
केजी-डी6 बेसिन की गैस का प्राथमिक क्षेत्रों में उपयोग
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपने बयान में यह भी स्पष्ट किया कि कृष्णा-गोदावरी बेसिन (केजी-डी6) से निकलने वाली प्राकृतिक गैस का उपयोग सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्राथमिक क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा। इससे देश में ऊर्जा आपूर्ति की व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
देश की ऊर्जा सुरक्षा को दी प्राथमिकता
कंपनी ने कहा कि भारत की ऊर्जा सुरक्षा और करोड़ों नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज़ ने भरोसा दिलाया कि देश में गैस की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए कंपनी लगातार काम कर रही है और हर परिस्थिति में देश के साथ खड़ी रहेगी।