Jharkhand: हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में गुरुवार को झारखंड मंत्रिपरिषद की बैठक होने जा रही है। यह बैठक झारखंड विधानसभा की कार्यवाही समाप्त होने के बाद प्रोजेक्ट भवन में शाम लगभग 5 बजे आयोजित की जाएगी। बैठक में राज्य के कई महत्वपूर्ण योजनाओं और नीतिगत प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा।
अवैध निर्माण को नियमित करने पर प्रस्ताव
सूत्रों के अनुसार बैठक में शहरी क्षेत्रों में बढ़ते अनधिकृत निर्माण को कानूनी रूप से नियमित करने के लिए “अनधिकृत रूप से निर्मित भवनों के नियमितीकरण नियम, 2026” को मंजूरी देने पर चर्चा होगी। प्रस्ताव में आवासीय और गैर-आवासीय दोनों प्रकार के भवनों को निर्धारित शुल्क लेकर नियमित करने की व्यवस्था है। इसके साथ ही आवेदन शुल्क को किस्तों में जमा करने की सुविधा और यदि आवेदन अस्वीकृत होता है तो राशि लौटाने का प्रावधान भी शामिल किया गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 का क्रियान्वयन
बैठक में राज्य के सभी शहरी स्थानीय निकायों में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 को लागू करने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। इस योजना के तहत शहरी गरीबों के लिए आवास उपलब्ध कराने के प्रयास को तेज किया जाएगा।
आवारा कुत्तों और स्थानीय सड़क विकास के प्रस्ताव
बैठक में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों को रोकने के लिए नियंत्रण से संबंधित योजना पर भी मुहर लगाई जा सकती है। इसके अलावा अरगोड़ा और चापू टोली रोड सहित अन्य स्थानीय सड़क सुधार और विकास कार्यों को मंजूरी देने पर भी विचार किया जाएगा।
अन्य प्रस्ताव और कैबिनेट की संभावित मुहर
सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में कुल दो दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर निर्णय लिया जाएगा। इनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, शहरी विकास और सामाजिक कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल हैं। कैबिनेट की मुहर लगते ही ये योजनाएं और नीतियां लागू हो सकेंगी।