Jamshedpur News: सिंहभूम डाक मंडल की ओर से मंगलवार को साकची स्थित टैगोर सोसायटी (रवीन्द्र भवन) में डाक कर्मचारियों के लिए मोटिवेशनल एवं टार्गेट इनिशिएटिव कार्यक्रम “उड़ान” का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को प्रेरित करना और आगामी पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (PLI) तथा पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक (POSB) योजनाओं के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए उनमें नई ऊर्जा भरना था.
डाक विभाग की ताकत कर्मचारी और ग्राहकों का विश्वास
कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल संजीव रंजन ने दीप प्रज्वलित कर किया. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि डाक विभाग की सबसे बड़ी ताकत उसके कर्मचारी और ग्राहकों का विश्वास है. उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे न सिर्फ विभागीय लक्ष्यों को पूरा करें, बल्कि डाक विभाग की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए भी पूरी निष्ठा से कार्य करें. उन्होंने टीम वर्क की अहमियत पर जोर देते हुए सभी को आने वाले अभियानों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया.
कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित
इस अवसर पर कई वरिष्ठ अधिकारी भी मंच पर उपस्थित रहे. इनमें वरीय डाक अधीक्षक सिंहभूम मंडल उदयभान सिंह, उप मंडलीय प्रबंधक (PLI) झारखंड परिमंडल अमित कुमार, जमशेदपुर प्रधान डाकघर के वरिष्ठ पोस्टमास्टर सुधीर कुमार तथा सिंहभूम मंडल के उप डाक अधीक्षक बिस्वाजीत राय शामिल थे.
कार्यक्रम के दौरान उन कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने पिछले सत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए विभागीय लक्ष्यों को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. सम्मान मिलने से कर्मचारियों में काफी उत्साह देखने को मिला.
कार्यक्रम के अंत में सभी डाक कर्मियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे आगामी PLI और बचत बैंक अभियानों को पूरी मेहनत और टीम भावना के साथ सफल बनाएंगे तथा विभाग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे.