Seraikela News: सरायकेला उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई. बैठक में जिले में अवैध खनन, भंडारण और खनिजों के अवैध परिवहन को रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा की गई.
बैठक के दौरान जिला खनन पदाधिकारी शज्योति शंकर सतपथी ने 22 जनवरी 2026 से 10 मार्च 2026 के बीच चलाए गए विशेष अभियान की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस अवधि में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 24 वाहनों को जब्त किया गया. इसके साथ ही करीब 1,93,200 घनफीट अवैध बालू और लगभग 500 घनफीट क्वार्ट्जाइट खनिज भी जब्त किए गए.
जिले के विभिन्न जीआर स्थलों पर जब्त की गई करीब 1.55 लाख घनफीट अवैध बालू की ई-ऑक्शन के माध्यम से नीलामी कराई गई. इस प्रक्रिया से जिले को लगभग 38 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है.
उपायुक्त ने बैठक में संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि अवैध खनन, उत्खनन, भंडारण और खनिज परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए संयुक्त रूप से कार्रवाई की जाए. उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित रूप से औचक निरीक्षण अभियान चलाने और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, सरायकेला और चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.