Latehar: लातेहार जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है.
रविवार देर रात नेतरहाट थाना क्षेत्र के दौना और करमखाड़ के बीच जंगल में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने भाकपा माओवादी संगठन के पांच लाख इनामी नक्सली कमांडर मनीष यादव को मार गिराया, जबकि 10 लाख इनामी नक्सली कुंदन खेरवार को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है. बीते तीन दिनों में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है.
मुठभेड़ देर रात से सुबह तक चली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मनीष यादव अपने दस्ते के साथ जंगल में मौजूद है. सूचना के आधार पर एसपी कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी की गई. इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और देर रात से लेकर सुबह तक मुठभेड़ चली.
मनीष यादव ढेर, कुंदन खेरवार गिरफ्तार
मुठभेड़ के बाद चलाए गए सर्च अभियान में पुलिस को एक नक्सली का शव मिला, जिसकी पहचान मनीष यादव के रूप में हुई है. सरकार ने उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. वहीं इस दौरान 10 लाख का इनामी नक्सली कुंदन खेरवार भी पकड़ा गया. पुलिस ने घटनास्थल से कई हथियार भी बरामद किए हैं.
दो दिन पहले भी हुई थी बड़ी कार्रवाई
इससे पहले 24 मई को पुलिस ने इचाबार जंगल में हुई मुठभेड़ में जेजेएमपी सुप्रीमो और 10 लाख के इनामी पप्पू लोहरा तथा पांच लाख के इनामी प्रभात गंझू को मार गिराया था. यह मुठभेड़ भी एसपी कुमार गौरव के नेतृत्व में अंजाम दी गई थी. कुछ दिन पहले कुंदन खेरवार के दस्ते ने सड़क निर्माण कार्य में लगे एक मुंशी की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इसके बाद से पुलिस लगातार उसके खिलाफ अभियान चला रही थी.