West Singhbhum News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां एक अज्ञात युवक ने एक स्कूली बच्ची को बहलाकर मोटरसाइकिल पर बैठा लिया और उसे ले जाने की कोशिश की। हालांकि बच्ची की सूझबूझ और हिम्मत के कारण यह प्रयास असफल हो गया।
सामान लेने गई थी बच्ची
मिली जानकारी के मुताबिक, पानीटंकी इलाके की रहने वाली 9 वर्षीय लक्ष्मी धनवार मंगलवार की शाम मनोहरपुर बाजार में घर के लिए सामान खरीदने गई थी। इसी दौरान एक युवक ने उसे घर तक छोड़ने की बात कहकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया।
घर के पास नहीं रोकी बाइक
बताया जा रहा है कि जब मोटरसाइकिल बच्ची के घर के पास पहुंची तो युवक ने वाहन नहीं रोका और आगे बढ़ता रहा। बच्ची ने कई बार बाइक रोकने के लिए कहा, लेकिन जब युवक नहीं रुका तो उसने हिम्मत दिखाते हुए चलती मोटरसाइकिल से ही छलांग लगा दी।
गिरने से लगी चोट, राहगीरों से मांगी मदद
चलती बाइक से कूदने के कारण बच्ची को चोट लग गई। इसके बाद उसने सड़क पर गुजर रहे लोगों से मदद मांगी और किसी तरह अपने घर पहुंची। घटना की जानकारी मिलते ही उसकी मां उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया।
थाने में शिकायत, पुलिस जांच शुरू
इस घटना के संबंध में मनोहरपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।