Jharkhand News: झारखंड में कमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलेंडर की आपूर्ति में आ रही बाधा को लेकर राज्य सरकार ने केंद्र के समक्ष अपनी चिंता जताई है. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस विषय पर केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है.
मजदूरों की थाली और उद्योगों पर असर
डॉ. इरफान अंसारी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि कमर्शियल गैस की आपूर्ति रुकने से राज्य के बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठान, होटल और कैंटीन बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं. उन्होंने विशेष रूप से “उषा मार्टिन लिमिटेड” जैसी कंपनियों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की कैंटीन में हजारों मजदूरों के लिए भोजन तैयार करने में गंभीर समस्या आ रही है. आपूर्ति बाधित होने से श्रमिकों के खान-पान की व्यवस्था चरमरा सकती है.
होटल और कैंटीन व्यवसाय प्रभावित
मंत्री ने स्पष्ट किया कि गैस की यह कमी केवल उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि छोटे-बड़े होटल व्यवसायी भी इससे परेशान हैं. कमर्शियल सिलेंडर की अनुपलब्धता के कारण कैंटीन चलाना मुश्किल हो रहा है, जिसका सीधा असर राज्य की अर्थव्यवस्था और मजदूरों की दैनिक कार्यक्षमता पर पड़ रहा है.
आपूर्ति जल्द बहाल करने की मांग
स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि औद्योगिक और व्यावसायिक क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द बहाल किया जाए. उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि मजदूरों का भोजन और होटल व्यवसाय किसी भी सूरत में प्रभावित न हो.