Airline Updates: झारखंड की राजधानी रांची और इसके आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार सुबह अचानक बदले मौसम ने हवाई यातायात को प्रभावित किया है. कम दृश्यता (लो विजिबिलिटी) के कारण दिल्ली से रांची आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX-1046 को बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं मिली, जिसके चलते विमान को कोलकाता भेजना पड़ा.
रांची के आसमान में आधे घंटे तक मंडराता रहा विमान
निर्धारित समय सारणी के अनुसार इस विमान को सुबह करीब 9:25 बजे रांची एयरपोर्ट के रनवे पर लैंड करना था. विमान समय पर रांची के हवाई क्षेत्र में पहुंच भी गया था. पायलट ने सुरक्षित लैंडिंग के लिए कुछ देर तक आसमान में चक्कर काटकर मौसम साफ होने का इंतजार किया, लेकिन रनवे पर धुंध और खराब दृश्यता के कारण लैंडिंग कराना खतरनाक साबित हो सकता था.
यात्रियों की सुरक्षा के लिए एटीसी ने लिया निर्णय
जब विजिबिलिटी में सुधार के कोई संकेत नहीं मिले, तो पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से परामर्श किया. यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को तत्काल नजदीकी कोलकाता एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट करने का फैसला लिया गया. एयरपोर्ट के तकनीकी विशेषज्ञों का कहना है कि विजिबिलिटी के तय मानकों से कम होने की स्थिति में विमान उतारना जोखिम भरा होता है.
आवश्यक काम से आ रहे यात्री रहे परेशान
विमान के अचानक डायवर्ट होने से उसमें सवार यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा. कई यात्री महत्वपूर्ण बैठकों और निजी कार्यों के लिए रांची पहुंच रहे थे, जिनका कार्यक्रम इस बदलाव से प्रभावित हुआ. दूसरी ओर, रांची एयरपोर्ट पर भी यात्रियों को लेने पहुंचे परिजन घंटों तक अनिश्चितता के बीच इंतजार करते रहे. मौसम साफ होने के बाद ही विमानों का परिचालन दोबारा सामान्य हो सका.