Jamshedpur News: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र से बीते 25 फरवरी को लापता हुए प्रेमी युगल जाहिद हुसैन और निखत गुल ने सोमवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के कार्यालय में सरेंडर कर दिया. दोनों के अचानक प्रकट होने और आत्मसमर्पण करने के बाद पुलिस ने उनसे पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और आवश्यक प्रक्रिया के लिए उन्हें जुगसलाई थाना भेज दिया.
बालिग होने और निकाह का दिया प्रमाण
जुगसलाई थाना प्रभारी के अनुसार, प्रेमी युगल ने पुलिस को अपने बालिग होने के दस्तावेज और निकाहनामा पेश किया है. पुलिस का कहना है कि दोनों कानूनन बालिग हैं और अपनी मर्जी से साथ रहने का फैसला ले चुके हैं. युवती के लापता होने की शिकायत दर्ज होने के कारण पुलिस उनकी तलाश कर रही थी, लेकिन अब उनके सामने आने और निकाह की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने युवती के पिता को थाने बुलाकर वस्तुस्थिति से अवगत कराया.
सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दी थी जानकारी
बता दें कि 25 फरवरी को घर छोड़ने के बाद निखत गुल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी किया था. इस वीडियो में उसने स्पष्ट किया था कि वह जाहिद हुसैन से प्रेम करती है और अपनी मर्जी से उसके साथ गई है. उसने यह भी बताया था कि दोनों ने मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार निकाह कर लिया है और वह अब जाहिद के साथ ही अपना जीवन बिताना चाहती है.
परिजनों से जान का खतरा और सुरक्षा की मांग
युवती ने प्रशासन के समक्ष अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. उसका आरोप है कि घर छोड़ने और अपनी पसंद से विवाह करने के कारण उसे अपने परिजनों से जान का खतरा है. इसी डर की वजह से दोनों ने सीधे सिटी एसपी कार्यालय जाकर सरेंडर करना उचित समझा. जुगसलाई थाने में पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया, जिसके बाद अब यह प्रेमी युगल साथ में रह सकेंगे.