Gumla: गुमला जिले के बिशुनपुर प्रखंड के लबगा गांव से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां बच्चा चोरी की अफवाह के चलते ग्रामीणों की भीड़ ने एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को बेरहमी से पीट दिया, जिससे उसकी जान चली गई. यह घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है.
अफवाह के कारण भड़की भीड़
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से इलाके में बच्चा चोरी की अफवाह फैल रही थी. इसी बीच रविवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच एक महिला गांव में इधर-उधर घूमती हुई दिखाई दी. महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही है. ग्रामीणों को वह संदिग्ध लगी और किसी ने बच्चा चोर होने का शक जताते हुए शोर मचा दिया.
बात सुनने की बजाय शुरू कर दी पिटाई
शोर सुनकर देखते ही देखते वहां बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए. बिना सच्चाई जाने ही भीड़ ने महिला से मारपीट शुरू कर दी. महिला बार-बार खुद को बेगुनाह बताती रही, लेकिन उग्र भीड़ ने उसकी एक नहीं सुनी और लगातार उसे पीटते रहे.
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
घटना की सूचना मिलने के बाद बिशुनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.