Dhanbad News: जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. रविवार शाम सरायढेला थाना क्षेत्र के फायरिंग रेंज इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान कुख्यात प्रिंस खान गिरोह से जुड़े शूटर सुदीश ओझा को पुलिस ने मार गिराया. वहीं मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस अधिकारी भी घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फायरिंग रेंज इलाके में कुछ अपराधी छिपे हुए हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने इलाके को चारों तरफ से घेरते हुए सर्च अभियान शुरू किया.
प्रिंस खान गिरोह का शूटर सुदीश ओझा ढेर
इसी दौरान छिपे हुए अपराधियों ने पुलिस टीम को देखते ही गोलीबारी शुरू कर दी. अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए फायरिंग की और अपराधियों को घेर लिया. दोनों तरफ से कुछ देर तक गोलियां चलती रहीं. इसी मुठभेड़ में प्रिंस खान गिरोह का शूटर सुदीश ओझा पुलिस की गोली लगने से मौके पर ही मारा गया.
एक पुलिस अधिकारी को भी गोली लगी
मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस अधिकारी को भी गोली लग गई. घायल अधिकारी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई है.
घटना की जानकारी मिलते ही धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार सहित पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किए हैं. फिलहाल इलाके में पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि फरार अन्य अपराधियों को भी जल्द पकड़ा जा सके.