Jharkhand News: झारखंड में अवैध खनन और कोयला घोटाले की जड़ें खंगाल रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने धनबाद के व्यापारी एलबी सिंह के खिलाफ घेराबंदी सख्त कर दी है. जांच एजेंसी ने नया समन जारी कर उन्हें 9 मार्च (सोमवार) को सुबह 11 बजे रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में हाजिर होने का आदेश दिया है.
पिछली बार सेहत का दिया था हवाला, अब जांच एजेंसी सख्त
यह पहली बार नहीं है जब एलबी सिंह को पूछताछ के लिए तलब किया गया है. इससे पहले भी जब ED ने उन्हें समन भेजा था, तब उन्होंने अचानक अपनी तबीयत खराब होने की सूचना देकर पेश होने से असमर्थता जताई थी. बीमारी का बहाना बनाकर उन्होंने जांच प्रक्रिया से बचने के लिए समय की मांग की थी, जिसे एजेंसी ने स्वीकार तो किया लेकिन अब उन्हें सोमवार को पेश होने का अंतिम मौका दिया है. सूत्रों की मानें तो अगर इस बार भी वे नहीं पहुंचते हैं, तो ED उनके खिलाफ कड़ा कानूनी रुख अख्तियार कर सकती है.
झारखंड-बंगाल के अवैध कोयला नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी
ED की यह पूरी कसरत झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच फैले एक संगठित कोयला तस्करी सिंडिकेट को ध्वस्त करने की दिशा में है. गौरतलब है कि कुछ समय पहले ED ने एक ही दिन में दोनों राज्यों के कई शहरों में कोयला व्यापारियों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की थी. उस दौरान जब्त किए गए डिजिटल दस्तावेजों और डायरियों में एलबी सिंह के व्यापारिक लेन-देन और अवैध खनन से जुड़ी कमाई के निवेश के संकेत मिले थे.