Jharkhand News: झारखंड सरकार ने राज्य के छह महत्वपूर्ण विभागों के लिए 78 नए वाहनों की खरीद को मंजूरी दे दी है. मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित प्रशासी पदवर्ग समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया, जिसमें विकास आयुक्त और वित्त सचिव जैसे वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे. इन वाहनों का उपयोग पथ निर्माण, वित्त, मंत्रिमंडल निर्वाचन, योजना विकास, ग्रामीण विकास और विधि विभाग के अधिकारियों द्वारा किया जाएगा. इस खरीद प्रक्रिया में लग्जरी सेडान से लेकर मजबूत एसयूवी तक को शामिल किया गया है ताकि सरकारी कार्यों में गति और सुगमता आए.
इन गाड़ियों की जाएगी खरीददारी
खरीदे जाने वाले वाहनों की सूची में वोक्सवैगन वर्चुस (01), महिंद्रा बोलेरो नियो (48), बोलेरो BS6 (24), होंडा अमेज (04) और मारुति सुजुकी ब्रीजा (01) जैसे मॉडल शामिल हैं. सबसे अधिक 24-24 वाहन मंत्रिमंडल निर्वाचन और ग्रामीण विकास विभाग के लिए आवंटित किए गए हैं, जबकि विधि विभाग के प्रधान न्यायाधीश स्तर के अधिकारियों को होंडा अमेज उपलब्ध कराई जाएगी.
विभागवार वाहन आवंटन सूची
विभागवार आवंटन के अनुसार, सबसे अधिक वाहन मंत्रिमंडल निर्वाचन (24 महिंद्रा बोलेरो नियो) और ग्रामीण विकास विभाग (24 महिंद्रा बोलेरो BS6) के लिए खरीदे जा रहे हैं. इसके अलावा, योजना विकास विभाग को 20 महिंद्रा बोलेरो नियो, वित्त विभाग को 04 महिंद्रा बोलेरो नियो, और पथ निर्माण विभाग के लिए 01 वोक्सवैगन वर्चुस की स्वीकृति मिली है. वहीं, विधि विभाग के प्रधान न्यायाधीश स्तर के अधिकारियों के लिए 04 होंडा अमेज और उपनिबंधक के लिए 01 मारुति सुजुकी ब्रीजा खरीदी जाएगी. इन वाहनों के आने से सरकारी कामकाज और अधिकारियों के क्षेत्रीय दौरों में काफी सुगमता आएगी.