Jamshedpur News: जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को अत्याधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. अब अस्पताल में मरीजों के नामांकन (एडमिशन) से लेकर उनके डिस्चार्ज तक की पूरी प्रक्रिया सी-डैक (C-DAC) सॉफ्टवेयर के जरिए डिजिटल होगी. इसके लिए अस्पताल के विभिन्न विभागों में कंप्यूटर सिस्टम स्थापित कर दिए गए हैं और सॉफ्टवेयर अपलोड करने का काम पूरा हो चुका है. वर्तमान में मरीजों का एडमिशन इसी सिस्टम से किया जा रहा है, जबकि ईएनटी (ENT) सहित कुछ अन्य विभागों में ऑनलाइन पर्ची देने की शुरुआत भी कर दी गई है.
कर्मचारियों और पैरामेडिकल स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा
अस्पताल प्रशासन ने इस नई व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए कर्मचारियों और पैरामेडिकल स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया है. इस डिजिटल पोर्टल के शुरू होने से मरीजों का मेडिकल इतिहास एक क्लिक पर उपलब्ध होगा, जिससे इलाज में पारदर्शिता और गति आएगी. जल्द ही अस्पताल के सभी विभागों को पूरी तरह से ऑनलाइन कर दिया जाएगा, जिससे लंबी लाइनों से मुक्ति मिलेगी और डेटा प्रबंधन पहले से कहीं अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो सकेगा.