Hazaribagh News: हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. नपोखुर्द गांव में अपराधियों ने एक कोयला व्यवसायी की बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे हमलावरों की गाड़ी की चपेट में आने से एक अन्य ग्रामीण की भी मौत हो गई. इस दोहरी मौत से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है.
धारदार हथियार से की गई हत्या
मिली जानकारी के अनुसार नपोखुर्द गांव के रहने वाले कोयला व्यवसायी रोहित साव गुरुवार रात अपने इलाके में मौजूद थे. इसी दौरान सफेद रंग की स्कॉर्पियो में सवार अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और उन्हें घेर लिया. इससे पहले कि रोहित साव कुछ समझ पाते, हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से लगातार वार कर दिया. हमले की गंभीरता इतनी ज्यादा थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. खून से लथपथ शव देखकर गांव में हड़कंप मच गया.
भागते समय ग्रामीण को रौंदा
हत्या के बाद अपराधी तेजी से अपनी स्कॉर्पियो से मौके से फरार होने लगे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चला रहे थे. इसी दौरान सड़क पर मौजूद कई लोग उनकी गाड़ी की चपेट में आ गए. इस घटना में नपोखुर्द निवासी प्रदीप साव गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई.
घटना के बाद इलाके में तनाव
एक ही रात में दो लोगों की मौत की खबर फैलते ही पूरे बड़कागांव क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर बड़कागांव थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया है. फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है.