Jamshedpur : जमशेदपुर पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) पीयूष पांडेय ने एक साथ 17 थाना प्रभारियों का तबादला कर दिया है। देर शाम जारी आदेश के अनुसार कई प्रमुख थानों के प्रभारी बदले गए हैं और इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जारी सूची के मुताबिक साकची थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा को सीतारामडेरा थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं सीतारामडेरा के थाना प्रभारी निरंजन कुमार को हटाकर बर्मामाइंस थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। सिदगोड़ा थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार को जमशेदपुर कोर्ट का सुरक्षा प्रभारी बनाया गया है।
टेल्को थाना प्रभारी प्रशांत कुमार को साकची सीसीआर भेजा गया है, जबकि बर्मामाइंस थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव को जादूगोड़ा का सर्किल इंस्पेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं बागबेड़ा थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव को साकची थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा घाटशिला थाना प्रभारी वंश नारायण सिंह को मुसाबनी का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है। मुसाबनी के सर्किल इंस्पेक्टर उमेश कुमार ठाकुर को बागबेड़ा थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। जादूगोड़ा सर्किल इंस्पेक्टर सुरेश प्रसाद को टेल्को थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
साकची सीसीआर में तैनात फैज़ अहमद को सिदगोड़ा थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं जमशेदपुर कोर्ट के सुरक्षा प्रभारी राजेंद्र मुंडा को घाटशिला का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। अजय कुमार ठाकुर को पटमदा का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है।
वहीं बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार और जादूगोड़ा थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल को गोलमुरी पुलिस लाइन क्लोज किया गया है। नीरज कुमार को बोड़ाम का नया थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि ईश्वर दयाल मुंडा को जादूगोड़ा का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
पुलिस विभाग में हुए इस बड़े फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।