Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-03

Dhanbad News: धनबाद स्टेशन पर “ऑपरेशन सतर्क” का बड़ा एक्शन, होली के लिए बिहार जा रही शराब की खेप जब्त, तस्कर गिरफ्तार

Dhanbad News: आगामी होली के त्योहार को देखते हुए बिहार में शराब की बढ़ती डिमांड और तस्करी के प्रयासों पर धनबाद रेल मंडल ने पानी फेर दिया है. रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की विशेष टीम ने सोमवार देर रात धनबाद स्टेशन पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय शराब तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. “ऑपरेशन सतर्क” के तहत की गई इस छापेमारी में न केवल भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई, बल्कि एक तस्कर को भी रंगे हाथों दबोचा गया है.

प्लेटफॉर्म नंबर दो पर बिछाया गया जाल
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर गठित टास्क टीम और सीआईबी (CIB) की टीमें स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही थीं. इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर दो के कालका छोर पर घेराबंदी की. पुलिस को वहां एक युवक लाल रंग के भारी ट्रॉली बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में ट्रेन का इंतजार करते हुए मिला. जैसे ही आरपीएफ के जवानों ने उसकी ओर कदम बढ़ाए, उसने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया.

लाल ट्रॉली बैग से निकलीं “रॉयल स्टैग” की बोतलें
जब पकड़े गए युवक के बैग की तलाशी ली गई, तो अधिकारी भी हैरान रह गए. कपड़ों के नीचे छिपाकर रखी गई “रॉयल स्टैग” ब्रांड की कुल 48 बोतलें (लगभग 18 लीटर) बरामद की गईं, जिनकी बाजार में कीमत करीब 20 हजार रुपये आंकी गई है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के सासाराम निवासी नितेश कुमार सिंह के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह झारखंड के सस्ते बाजारों से शराब खरीदकर बिहार ले जा रहा था. बिहार में पूर्ण शराबबंदी होने के कारण वह होली के मौके पर इसे ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में था.

चौकस रही 10 सदस्यीय विशेष टीम
आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जानकारी उसके परिजनों को दे दी गई है. इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने में सहायक उपनिरीक्षक सुशील कुमार (AIB), जीवलाल राम (RPF पोस्ट) और हवलदार ब्रजेश कुमार सहित 10 सदस्यीय टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के सीजन में तस्करी रोकने के लिए स्टेशनों और ट्रेनों में चेकिंग अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !