Palamu: सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा में बीती रात हुए सड़क हादसे में सैप जवान मनोज पांडेय की दर्दनाक मौत हो गई। वह सदर प्रखंड के बड़कागांव के निवासी थे और वर्तमान में झारखंड विधानसभा में सैप जवान के रूप में तैनात थे। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद वे दोबारा सेवा में जुड़े थे।
कीर्तन से लौटते वक्त हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, मनोज पांडेय गांव में होली के अवसर पर आयोजित अखंड कीर्तन में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के बाद वे डाल्टनगंज लौट रहे थे। इसी दौरान पांकी-मेदिनीनगर मार्ग पर पोखराहा मेडिकल चौक के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। आशंका है कि सड़क पर बने नए ब्रेकर के कारण उनकी बुलेट का संतुलन बिगड़ गया और वे गिर पड़े।
मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने दी सूचना
सुबह टहलने निकले लोगों की नजर जब सड़क किनारे गिरे मनोज पांडेय पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को खबर दी। पुलिस ने उन्हें मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।
पीछे छूट गया भरा-पूरा परिवार
मनोज पांडेय अपने पीछे दो बेटियां और दो बेटे छोड़ गए हैं। परिजनों ने बताया कि बीते वर्ष ही उन्होंने अपनी बड़ी बेटी की शादी की थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर शोक संवेदना जता रहे हैं।