Jharkhand News: झारखंड के अलग-अलग जिलों से बीते 24 घंटों में हत्या और संदिग्ध मौतों की कई चौंकाने वाली घटनाएं सामने आई हैं. झारखंड के दुमका, चतरा, गढ़वा और चाईबासा में हुई इन वारदातों ने लोगों को हिला कर रख दिया है. कहीं युवक का शव संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला, तो कहीं शादी से पहले प्रेमी जोड़े की मौत हो गई. वहीं एक जगह मामूली झगड़ा जानलेवा बन गया और दूसरी ओर घरेलू हिंसा ने एक महिला की जान ले ली.
दुमका में पेड़ से लटका मिला युवक, हाथ बंधे होने से हत्या की आशंका
दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के ढेवाडीह गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब मौलाना सोलेमान के छोटे बेटे राजा का शव उसके ही घर के आंगन में पेड़ से लटका मिला.
शव की हालत देखकर ग्रामीणों को शक हुआ. युवक के दोनों हाथ पीछे की ओर गमछे से बंधे थे और उसके पैर जमीन को छू रहे थे। ऐसे में परिवार और गांव वालों का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या है.
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और हर पहलू पर पड़ताल की जा रही है.
चतरा में शादी से पहले प्रेमी जोड़े की संदिग्ध मौत
चतरा के लावालौंग थाना क्षेत्र के लमटा पंचायत के जंगल में एक युवक और युवती का शव फंदे से लटका मिला. मृतकों की पहचान रंजन कुमार दास और संजू कुमारी के रूप में हुई है.
दोनों पिछले शुक्रवार से लापता थे और अगले महीने उनकी शादी होने वाली थी.
घटनास्थल से रंजन की मोटरसाइकिल, चार पैकेट सल्फास की गोलियां और एक माजा की बोतल बरामद हुई है. परिवार वालों का आरोप है कि दोनों की हत्या कर शव को लटकाया गया है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी.
गढ़वा में बकरियों को लेकर झगड़ा, 55 वर्षीय व्यक्ति की हत्या
गढ़वा जिले के बड़गढ़ थाना क्षेत्र के हेसातु गांव में बकरियों को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया.
दो परिवारों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि लाठी-डंडे चलने लगे. इस मारपीट में 55 वर्षीय सूर्यदेव यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई.
हमले में उनके दो बेटे और दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
चाईबासा में पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या की
चाईबासा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बासा टोंटो गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है.
करण पाड़ेया नाम के व्यक्ति ने अपनी पत्नी सुखमति पाड़ेया की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि आरोपी अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था.
घटना के समय उसने घर में तेज आवाज में स्पीकर बजा दिया था ताकि पत्नी की चीखें बाहर तक न सुनाई दें. मृतका पांच बच्चों की मां थी.
पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
इन चारों घटनाओं ने पूरे राज्य में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है. पुलिस सभी मामलों की गहराई से जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सजा मिल सके.