Jamshedpur News: जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत सुवर्णरेखा नदी से बरामद अज्ञात शव की गुत्थी सुलझ गई है. पुलिस की जांच और शिनाख्त के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि मृतक गोलमुरी थाना क्षेत्र के केबल टाउन का निवासी 33 वर्षीय ललित साहू था.
मछुआरों ने देखा था शव, शिनाख्त के बाद सुलझी गुत्थी
सोमवार सुबह सोनारी के दोमुहानी बालू घाट के पास उस वक्त सनसनी फैल गई थी, जब स्थानीय मछुआरों ने पानी में एक शव तैरता हुआ देखा. आनन-फानन में इसकी सूचना सोनारी थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया. शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो पाई थी और मृतक के पास मौजूद पर्स उसके में मां की तस्वीर मिली थी, उस वक्त इसे आत्महत्या माना जा रहा था. हालांकि, गहन छानबीन के बाद मृतक की पहचान ललित साहू के रूप में हुई, जो गोलमुरी का रहने वाला था.
मिर्गी का दौरा पड़ने से डूबने की आशंका
सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ललित साहू को मिर्गी की बीमारी थी. आशंका जताई जा रही है कि वह किसी निजी काम से सुवर्णरेखा नदी के किनारे गया होगा, जहां अचानक मिर्गी का दौरा आने के कारण वह अनियंत्रित होकर पानी में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, जांच जारी
पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया है. फिलहाल शव को एमजीएम मेडिकल कॉलेज के शीत गृह (मर्चुरी) में सुरक्षित रखा गया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा.