Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-03

Jamshedpur News: टाटा संस्थापक दिवस पर बोले एन. चंद्रशेखरन- “कर्मचारी पहले, व्यापार बाद में”

Jamshedpur: टाटा समूह के संस्थापक दिवस समारोह में शामिल होने पहुंचे समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने मौजूदा वैश्विक हालात को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी परिस्थिति में समूह के कर्मचारियों की सुरक्षा से बढ़कर कुछ नहीं है।

उन्होंने कहा कि चाहे एयर इंडिया हो, होटल कारोबार हो या अन्य औद्योगिक इकाइयां हर जगह काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना ही पहली प्राथमिकता है। “हमारे लिए हमारे लोग पहले हैं, व्यापार बाद में,” उन्होंने जोर देते हुए कहा।

वैश्विक तनाव और युद्ध जैसे हालातों के बीच व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ने की आशंका को स्वीकार करते हुए उन्होंने भरोसा जताया कि दीर्घकाल में सप्लाई चेन पर बड़ा प्रभाव नहीं पड़ेगा।

पांच वर्षों में 15 लाख कर्मचारियों का लक्ष्य
एक सवाल के जवाब में चेयरमैन ने बताया कि अगले पांच वर्षों में टाटा समूह में काम करने वाले कर्मचारियों की संख्या 15 लाख तक पहुंच सकती है। उन्होंने बताया कि पांच साल पहले यह संख्या करीब 7.5 लाख थी, जो अब बढ़कर 11 लाख से अधिक हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि समूह स्किल डेवलपमेंट पर बड़े पैमाने पर निवेश कर रहा है और आने वाले समय में इसे और बढ़ाया जाएगा। साथ ही कार्यस्थल पर विविधता (डायवर्सिटी) और अलग-अलग प्रतिभाओं को बढ़ावा देने की नीति जारी रहेगी।

तकनीकी विस्तार और 11 हजार करोड़ का निवेश
चेयरमैन ने बताया कि समूह की कंपनियां कार्बन उत्सर्जन कम करने की दिशा में नई तकनीकों पर काम कर रही हैं। Tata Motors, Tata Power और अन्य इकाइयों में तकनीकी विस्तार की प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने यह भी कहा कि जमशेदपुर, जो समूह का संस्थापक स्थल है, उसके प्रति कंपनी की सोच हमेशा विशेष रही है। झारखंड सरकार के साथ हुई बैठक को सकारात्मक बताते हुए उन्होंने 11 हजार करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा का जिक्र किया और कहा कि इस दिशा में काम आगे बढ़ रहा है।

एआई से खुलेगा नए अवसरों का रास्ता
कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के कारण रोजगार संकट की आशंकाओं पर उन्होंने कहा कि नई तकनीकें हमेशा बदलाव लाती हैं, लेकिन वे नए अवसर भी पैदा करती हैं। उनके अनुसार, एआई के बढ़ते उपयोग से रोजगार की संभावनाएं सीमित नहीं बल्कि विस्तृत होंगी।

उन्होंने कहा कि Tata Consultancy Services जैसी कंपनियों के लिए यह बड़ा अवसर है। टाटा स्टील, टाटा मोटर्स और टाटा पावर में एआई के उपयोग को बढ़ाने में टीसीएस अहम भूमिका निभा सकता है।

संस्थापक दिवस के अवसर पर दिया गया यह संदेश साफ करता है कि टाटा समूह बदलते वैश्विक दौर में भी अपने मूल मूल्यों
विश्वास, जिम्मेदारी और मानव केंद्रित दृष्टिकोण को प्राथमिकता दे रहा है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !