आपको बताए क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात कुली रोड स्थित सड़क किनारे एक बच्चा मौजूद था। इसी दौरान एक स्कूटी पर सवार होकर तीन अज्ञात बदमाश वहाँ पहुँचे। मौका पाकर बदमाशों ने बच्चे को जबरन उठाकर भागने की कोशिश की। जैसे ही बदमाशों ने उसे दबोचा, बच्चा जोर-जोर से चिल्लाने लगा।
बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े। लोगों की भारी भीड़ और शोर बढ़ता देख बदमाश घबरा गए। पकड़े जाने के डर से वे बच्चे को वहीं छोड़कर अपनी स्कूटी से तेजी से फरार हो गए।
CCTV फुटेज में कैद हुई करतूत
स्थानीय निवासी मोहम्मद नौशाद ने बताया कि यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह तीन युवक स्कूटी पर आते हैं और फिल्मी अंदाज में बच्चे को उठाने का प्रयास करते हैं। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है, जिससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।
पुलिस की कार्रवाई और स्थानीय मांग
घटना की सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस ने लिखित शिकायत दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी ने आश्वस्त किया है कि बदमाशों की पहचान की जा रही है और जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। वहीं, स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। नागरिकों ने मांग की है कि कुली रोड और आसपास के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी स्थायी रूप से बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।