Adityapur News: आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आदित्यपुर थाना परिसर में रविवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. थाना प्रभारी विनोद तिर्की की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में गम्हरिया अंचल अधिकारी (CO) प्रवीण कुमार, पूर्व मेयर संजय सरदार और बिजली व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग शामिल हुए. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा बिगाड़ने वालों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अश्लील गानों व फोटो पर पाबंदी लगाने की तैयारी
बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए, जिसमें पुलिस गश्ती बढ़ाने, अश्लील गानों व फोटो पर पाबंदी लगाने और स्टंट दिखाने वाले बाइकर्स पर अंकुश लगाने की रणनीति तैयार की गई. साथ ही, नदियों के घाटों पर विशेष निगरानी, नो-एंट्री जोन से भारी वाहनों को हटाने और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करने की बात कही गई. नगर निगम के सहयोग से विभिन्न क्षेत्रों में पानी के टैंकरों के प्रबंध और साफ-सफाई पर भी विस्तृत चर्चा हुई.
शांति बनाए रखने में पुलिस का करें सहयोग
थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से अपील की कि वे शांति बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के विवाद या झगड़े से बचें और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखें. बैठक में मौजूद अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य और बिजली विभाग की टीमें भी अलर्ट पर रहेंगी, ताकि आम जनता को त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.