BREAKING: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज दोपहर ठीक 12:00 बजे भारतीय वायुसेना के विशेष MI-17 हेलीकॉप्टर से जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट पर उतरीं. उनकी सुरक्षा के लिए वायुसेना के तीन हेलीकॉप्टरों का बेड़ा साथ रहा, जिसमें से मुख्य विमान ने रनवे पर सुरक्षित लैंडिंग की. एयरपोर्ट पर जिला प्रशासन और गणमान्य नागरिकों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया, जिसके बाद वे कड़े सुरक्षा घेरे में अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के लिए रवाना हुईं.
श्री जगन्नाथ मंदिर का ऐतिहासिक भूमि पूजन
सोनारी एयरपोर्ट से राष्ट्रपति का काफिला सीधे कदमा मरीन ड्राइव पहुंचेगा, जहां वे श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केंद्र ट्रस्ट द्वारा आयोजित भव्य समारोह में शामिल होंगी. यहां राष्ट्रपति ने प्रस्तावित श्री जगन्नाथ मंदिर का विधि-विधान से भूमि पूजन किया और आधारशिला रखेंगी. यह मंदिर ओडिशा के पुरी स्थित विश्वप्रसिद्ध मंदिर की तर्ज पर बनाया जा रहा है, जो क्षेत्र में आध्यात्मिकता और संस्कृति का एक बड़ा केंद्र बनेगा. इस दौरान राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी उनके साथ मौजूद रहेंगे.
मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में छात्रों से संवाद
धार्मिक कार्यक्रम के संपन्न होने के बाद राष्ट्रपति बारीडीह स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज (MTMC) पहुंचेगी. यहां उनका कार्यक्रम शिक्षा और युवा शक्ति पर केंद्रित है. वे कॉलेज के मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ एक परिचर्चा में शामिल होंगी और उनके साथ समूह छायाचित्र (Group Photo) खिंचवाएंगी. इसके अलावा, वे संस्थान के परिसर में स्मृति स्वरूप एक पौधा भी रोपित करेंगी. राष्ट्रपति का यह दौरा शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जमशेदपुर की बढ़ती उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और वापसी
राष्ट्रपति के इस चार घंटे के दौरे को देखते हुए जमशेदपुर पुलिस ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं. शहर के विभिन्न रूटों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात हैं. निर्धारित शेड्यूल के अनुसार, इन दोनों प्रमुख कार्यक्रमों को संपन्न करने के बाद राष्ट्रपति शाम 3:50 बजे पुनः सोनारी एयरपोर्ट से रांची के लिए उड़ान भरेंगी, जहां से वे अपने अगले गंतव्य राजस्थान के जैसलमेर के लिए रवाना हो जाएंगी.