Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-25

Jamshedpur News: बिरसानगर शहरी स्वास्थ्य केंद्र के विस्तार की मांग को लेकर विधायक पूर्णिमा साहू ने स्वास्थ्य मंत्री को सौंपा पत्र

Jamshedpur: बिरसानगर (जोन-05) स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने राज्य सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को विधानसभा स्थित उनके कक्ष में पत्र सौंपकर स्वास्थ्य केंद्र के विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया।

बढ़ती मरीजों की संख्या से मौजूदा भवन पड़ रहा छोटा
विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि स्वास्थ्य केंद्र में फिलहाल भवन तो उपलब्ध है, लेकिन इलाके की लगातार बढ़ती आबादी और मरीजों की संख्या के कारण वर्तमान ढांचा अब पर्याप्त नहीं रह गया है। खासकर भीड़भाड़ के समय मरीजों को बैठने और इलाज के लिए समुचित स्थान नहीं मिल पाता। इससे न सिर्फ मरीजों को परेशानी होती है, बल्कि स्वास्थ्यकर्मियों को भी व्यवस्थित तरीके से कार्य करने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने बताया कि विभागीय बैठकों और विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के आयोजन में भी स्थान की कमी बड़ी बाधा बन रही है। इस संबंध में पूर्वी सिंहभूम के असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा 20 सितंबर 2025 को लिखे गए पत्र में भी अतिरिक्त भवन निर्माण की आवश्यकता को रेखांकित किया गया है। पत्र में यह स्पष्ट किया गया है कि वर्तमान भवन के सामने पर्याप्त खाली जमीन उपलब्ध है, जहां नए भवन का निर्माण संभव है।

सुरक्षा के लिहाज से चहारदीवारी ऊंची करना जरूरी
विधायक पूर्णिमा साहू ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को देखते हुए चहारदीवारी की ऊंचाई बढ़ाना बेहद जरूरी है, ताकि स्वास्थ्य केंद्र की संपत्ति और वहां आने वाले मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

बड़ी आबादी की जरूरतों से जुड़ा है मामला
विधायक ने कहा कि बिरसानगर क्षेत्र की बड़ी आबादी इस स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर है। ऐसे में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना समय की मांग है, ताकि लोगों को बेहतर, सुरक्षित और सुचारु स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

इस पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने मामले में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !