Ranchi: रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने बड़ी कार्रवाई की। इस कार्रवाई के दौरान ट्रेन संख्या 18309, संबलपुर–जम्मूतवी एक्सप्रेस से करीब 16 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इस मामले में दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी राहुल पांडे और ओडिशा के सुंदरगढ़ निवासी मोहन सिंह के रूप में हुई है।
सीट नंबर 4 से बरामद हुआ नीले बैग में रखा गांजा
आरपीएफ अधिकारियों को पहले से सूचना मिली थी कि ट्रेन में कुछ लोग अवैध मादक पदार्थ लेकर यात्रा कर रहे हैं। जैसे ही ट्रेन रांची स्टेशन पहुंची, आरपीएफ की टीम ने S-7 कोच में सघन तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान सीट नंबर 4 पर बैठे एक यात्री के पास नीले रंग का पिट्ठू बैग मिला। जांच करने पर बैग से गांजा के कई पैकेट बरामद हुए। बैग मोहन सिंह का बताया गया, जिसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
मोहन सिंह से पूछताछ के दौरान एक और अहम जानकारी सामने आई। उसने बताया कि उसी कोच की सीट नंबर 64 पर बैठे राहुल पांडे के पास भी गांजा मौजूद है।
इसके बाद आरपीएफ ने राहुल पांडे की तलाशी ली, जहां से तीन पैकेट गांजा बरामद हुआ। मोहन सिंह के पास से पांच पैकेट जब्त किए गए। दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
ओडिशा से खरीदकर यूपी ले जा रहे थे गांजा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा खरीदकर उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे, जहां इसकी अवैध बिक्री की जानी थी। जब्त गांजे की बाजार कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है।
आरपीएफ ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।