Dhanbad News: झारखंड में बच्चा चोरी की अफवाहें अब हिंसक रूप लेती जा रही हैं. ताजा मामला धनबाद जिले के ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र का है, जहां निछानी पुल के पास उग्र भीड़ ने तीन महिलाओं को बच्चा चोर समझकर उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी. स्थिति इतनी अनियंत्रित हो गई कि उपद्रवियों ने बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस की गाड़ी पर भी जूते-चप्पल बरसाए.
अफवाह के बाद निछानी पुल पर उमड़ी उग्र भीड़
बुधवार को क्षेत्र में अचानक यह अफवाह फैली कि तीन महिलाएं बच्चा चोरी की नीयत से घूम रही हैं. देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई और बिना किसी पुख्ता सबूत के महिलाओं पर लात-घूंसों से हमला कर दिया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारपीट करने वालों में स्थानीय महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल थीं. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को भी भारी विरोध का सामना करना पड़ा. कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने तीनों महिलाओं को सुरक्षित निकाला और थाने ले गई.
झारखंड के पांच जिलों में 17 हिंसक घटनाएं
राज्य में बच्चा चोरी की अफवाह किसी आग की तरह फैल रही है, जिसकी चपेट में आकर अब तक कई निर्दोष लोग घायल हो चुके हैं. आंकड़ों के अनुसार, इस महीने राज्य के पांच जिलों में मारपीट की कुल 17 घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें 33 लोगों को भीड़ ने अपना शिकार बनाया है. प्रशासन के लिए यह स्थिति एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है क्योंकि भीड़ बिना किसी जांच के कानून हाथ में ले रही है.
बोकारो और घाटशिला में सबसे अधिक मामले
बच्चा चोरी के शक में हिंसा के सबसे अधिक मामले बोकारो जिले में दर्ज किए गए हैं, जहां 12 महिलाओं और 8 युवकों की पिटाई की गई. इसके अलावा घाटशिला में 6 युवकों और एक महिला, लातेहार और जामताड़ा में एक-एक युवक, तथा रामगढ़ में गुड़गांव की एक महिला सहित बिहार के तीन युवकों को भीड़ का शिकार होना पड़ा है. पुलिस मुख्यालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध दिखने पर तुरंत कानून की मदद लें.