पुलिस बल की ब्रीफिंग आयोजित की गई
ब्रीफिंग के दौरान जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त ने कहा कि माननीय राष्ट्रपति का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं उच्चतम प्रोटोकॉल से संबंधित है, ऐसे में सभी पदाधिकारी-कर्मी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं समन्वय के साथ करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रोटोकॉल, सुरक्षा, समयबद्धता एवं आपसी समन्वय में किसी भी स्तर पर चूक नहीं होनी चाहिए।
उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल, रूट लाइन, हवाई अड्डा/हेलिपैड, आवास स्थल, सभा स्थल, पार्किंग एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी निर्धारित समय से उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की अंतिम जांच सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा एवं बेहतर विधि व्यवस्था का संधारण सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक स्वीकार्य नहीं होगी।
अपने दायित्वों का निर्वहन करें
सभी पुलिस पदाधिकारी प्रोटोकॉल के अनुरूप अनुशासन, सतर्कता एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। वरीय पुलिस अधीक्षक ने रूट लाइन क्लियरेंस, एंटी-सबोटाज जांच, सीसीटीवी निगरानी, ट्रैफिक एवं रूट डायवर्जन, पास व्यवस्था एवं इंटेलिजेंस इनपुट को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया।
सतत समन्वय बनाए रखा जाएगा
साथ ही यह भी कहा कि सभी पुलिस बल निर्धारित ड्रेस कोड एवं प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने हेतु कंट्रोल रूम, क्विक रिस्पॉन्स टीम एवं मेडिकल इमरजेंसी यूनिट पूरी तरह सक्रिय रहेंगी तथा अन्य विभागों के साथ सतत समन्वय बनाए रखा जाएगा।
प्रशासन किसी भी चुनौती के लिए तैयार
ब्रीफिंग में यह भी निर्देश दिया गया कि आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए यातायात प्रबंधन एवं वैकल्पिक मार्गों की जानकारी मीडिया माध्यमों से सार्वजनिक की जाएगी। इस ब्रीफिंग में जिले के सभी वरीय दण्डाधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पूरे जमशेदपुर में उत्साह का माहौल है और प्रशासन किसी भी चुनौती के लिए तैयार है।