Jamshedpur News: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 26 फरवरी को जमशेदपुर के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगी. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह सुबह 11:05 बजे रांची पहुंचेंगी. वहां से वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर द्वारा वह दोपहर 12:00 बजे जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट पहुंचेंगी और सड़क मार्ग से कदमा स्थित मरीन ड्राइव के लिए रवाना होंगी.
श्री जगन्नाथ मंदिर का भूमि पूजन और भव्य समारोह
मरीन ड्राइव स्थित कार्यक्रम स्थल पर दोपहर 12:40 बजे से श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट द्वारा आयोजित भूमि पूजन समारोह शुरू होगा. राष्ट्रपति यहां मंदिर की आधारशिला रखेंगी और शिलापट्ट का अनावरण करेंगी. इस गरिमामयी अवसर पर उनके साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार भी मंच साझा करेंगे और अपना संबोधन देंगे.
टाटा मेडिकल कॉलेज में छात्रों के साथ विशेष सत्र
दोपहर के भोजन और विश्राम के बाद, राष्ट्रपति 2:50 बजे मनीपाल टाटा मेडिकल कॉलेज (MTMC) पहुंचेंगी. यहां वह कॉलेज के फैकल्टी सदस्यों और पास आउट होने वाले विद्यार्थियों के साथ समूह फोटो खिंचवाएंगी. इसके साथ ही वह छात्रों के साथ संक्षिप्त संवाद करेंगी और परिसर में स्मृति स्वरूप एक पौधा भी लगाएंगी.
जमशेदपुर से रवानगी
अपने सभी कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद, राष्ट्रपति शाम 3:20 बजे कार्यक्रम स्थल से निकलेंगी और 3:40 बजे सोनारी एयरपोर्ट पहुंचेंगी. वहां से वह हेलीकॉप्टर द्वारा रांची एयरपोर्ट लौटेंगी और शाम 4:45 बजे भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से राजस्थान के जैसलमेर के लिए उड़ान भरेंगी.