Jamtara: जामताड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब सुपाईडीह पंचायत भवन के पास स्थित एक जोरिया (छोटी नदी) के किनारे खेत में एक युवक का शव बरामद हुआ। स्थानीय लोगों की नजर जब खेत के पास अचेत अवस्था में पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी तो उन्होंने पास जाकर देखा। जांच करने पर पता चला कि युवक की मौत हो चुकी है।
मृतक की पहचान जामताड़ा नगर पंचायत के नामुपाड़ा निवासी आनंद बाउरी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार आनंद सोमवार सुबह करीब 11 बजे घर से वोट डालने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी देर तक संपर्क न होने पर परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की।
सात घंटे बाद खेत में मिला शव
परिजनों और ग्रामीणों ने मिलकर पूरे इलाके में खोजबीन की। आखिरकार शाम करीब 7 बजे सुपाईडीह पंचायत भवन के समीप जोरिया के पास खेत में आनंद का शव पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
पैर में जले जैसा निशान, पास में मिले बाइक के टायर के निशान
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों का कहना है कि मृतक के पैर में जले होने जैसा निशान दिखाई दे रहा था, जिससे घटना को लेकर संदेह और गहरा गया है। वहीं घटनास्थल के आसपास बाइक के टायर के निशान भी पाए गए हैं, जो मामले को और भी संदिग्ध बना रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम से खुलेंगे राज
सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला हत्या का है, हादसा है या फिर किसी अन्य कारण से युवक की मौत हुई है।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।