National News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत तमिलनाडु से 6 संदिग्धों को गिरफ्तार कर देश को दहलाने की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है. गिरफ्तार किए गए संदिग्धों में कुछ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, ये सभी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और बांग्लादेश स्थित आतंकी संगठनों के सीधे संपर्क में थे. पकड़े गए आरोपियों के नाम मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबत, उमर, मोहम्मद लितान, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल हैं, जिन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच ट्रेन से दिल्ली लाया गया है.
गारमेंट यूनिट्स में छिपा था आतंकियों का नेटवर्क
इन सभी गिरफ्तारियों को तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले की विभिन्न गारमेंट यूनिट्स से अंजाम दिया गया है. पुलिस ने उथुकुली से 2, पल्लादम से 3 और तिरुमुरुगनपूंडी से 1 आरोपी को पकड़ा है. जांच में खुलासा हुआ है कि ये सभी आरोपी फर्जी आधार कार्ड बनाकर अपनी असली पहचान छिपा रहे थे. गारमेंट इंडस्ट्री में काम करने की आड़ में ये संदिग्ध न केवल अपना नेटवर्क फैला रहे थे, बल्कि सोशल मीडिया के जरिए स्थानीय युवाओं को गुमराह कर आतंकी विचारधारा से जोड़ने की कोशिश में भी जुटे थे.
मोबाइल-सिम बरामद और विदेशी हैंडलर्स से कनेक्शन
पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड बरामद किए हैं. शुरुआती जांच में इनके विदेशी हैंडलर्स से संपर्क और सीमा पार से फंडिंग मिलने के पुख्ता संकेत मिले हैं. जांच एजेंसियों के मुताबिक, इन संदिग्धों ने देश के कई महत्वपूर्ण शहरों की रेकी की थी और दिल्ली में “फ्री कश्मीर” जैसे पोस्टर लगाने व अन्य राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल होने की योजना बनाई थी. फिलहाल एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी हैं.