Gumla: गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र में ठेकेदार से लेवी (रंगदारी) मांगने और मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवाकी कुसुमटोली निवासी प्रेम उरांव, मुकेश उरांव और संदीप उरांव के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम गठित की गई। अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
काम के दौरान ठेकेदार से मांगी गई थी लेवी
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब आठ बजे देवाकी कुसुमटोली गांव में उत्तर प्रदेश से आए बिजली विभाग के कार्य से जुड़े ठेकेदार अपने कमरे में थे। उसी दौरान कुछ हथियारबंद लोग वहां पहुंचे और लेवी की मांग की।
जब ठेकेदार की ओर से रकम देने से इनकार किया गया, तो आरोपियों ने कंपनी के सुपरवाइजर विजय सिंह पर हमला कर दिया। बताया गया है कि पहले उन्हें हथियार के बट से सिर पर मारा गया और बाद में पत्थर से भी चोट पहुंचाई गई, जिससे वे घायल हो गए।
ग्रामीणों की मदद से पहुंचाया गया अस्पताल
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने घायल सुपरवाइजर को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। इस मामले में पीड़ित की ओर से घाघरा थाना में लिखित शिकायत दी गई, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से लगातार छापेमारी की जा रही है।