Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले में आगामी नगरपालिका आम निर्वाचन-2026 को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है. बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस महत्वपूर्ण बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत सहित जिले के वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे.
निर्धारित समय में कार्य पूर्ण करने का निर्देश
बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न कोषांगों द्वारा अब तक की गई गतिविधियों और पिछले निर्देशों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन से जुड़े जो भी कार्य अभी लंबित हैं, उन्हें तय समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा कर लिया जाए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य निर्वाचन आयोग के मानकों का पालन करते हुए पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाए.
सुरक्षा और व्यवस्था पर विशेष ध्यान
मतदान के दिन केंद्रों पर व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए विशेष रणनीति बनाने को कहा गया है. इसमें मुख्य रूप से कतार प्रबंधन, भीड़ पर नियंत्रण और केंद्रों के प्रवेश व निकास मार्गों को सुव्यवस्थित करना शामिल है. पुलिस प्रशासन को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए ताकि स्वतंत्र और भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न हो सके.
बैठक में उपस्थित अधिकारी
इस समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, निदेशक डीआरडीए अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार और उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव सहित कई अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे.