Adityapur: आदित्यपुर थाना क्षेत्र में कांड्रा–जमशेदपुर मुख्य मार्ग पर सरिता टॉकीज के समीप एक सड़क दुर्घटना ने कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था को अस्त-व्यस्त कर दिया। जानकारी के अनुसार एलपीटी वाहन संख्या JH05BY1518 और स्कूटी संख्या JH05CD6538 के बीच टक्कर हो गई।
गलत दिशा में बिना हेलमेट जा रहे थे छात्र
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कूटी पर तीन छात्र सवार थे। तीनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था और कथित रूप से गलत दिशा से आ रहे थे। इसी दौरान उनकी स्कूटी सामने से आ रहे एलपीटी वाहन से टकरा गई। टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मुआवजे को लेकर बीच सड़क पर हंगामा
दुर्घटना के बाद छात्रों ने करीब दो घंटे तक मुख्य सड़क पर ही वाहन खड़ा कर दिया और स्कूटी की मरम्मत शोरूम में कराए जाने की मांग करने लगे। एलपीटी चालक संतोष कुमार यादव ने तत्काल सहायता के तौर पर 2 हजार रुपये देने की पेशकश की, लेकिन छात्रों ने नकद राशि लेने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि जब तक स्कूटी के खराब पार्ट्स शोरूम में बदलने की गारंटी नहीं मिलेगी, वे वाहन हटाने नहीं देंगे।
मीडिया से भी की अभद्रता
घटनास्थल पर पहुंचे कुछ मीडिया कर्मियों के साथ भी छात्रों ने कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया और कवरेज करने से मना किया। इस दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया और राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
चालक ने बताई अपनी बात
एलपीटी चालक संतोष कुमार यादव ने बताया कि वे कांड्रा से वाहन लेकर जमशेदपुर की ओर जा रहे थे। सरिता टॉकीज के पास अचानक गलत दिशा से आ रही स्कूटी उनके वाहन से टकरा गई। उनका कहना है कि दुर्घटना में उनकी कोई गलती नहीं थी।
पुलिस पहुंचने से पहले छात्र फरार
सूचना मिलने पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही तीनों छात्र मौके से फरार हो गए। हालांकि कई घंटों तक यातायात बाधित रहा, जिससे आम लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
फिलहाल मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा जारी है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।