Railway Updates: टाटानगर स्टेशन की महत्वपूर्ण ट्रेनों में से एक, हावड़ा-टिटलागढ़ इस्पात एक्सप्रेस के परिचालन का विस्तार अब ओडिशा के जूनागढ़ रोड स्टेशन तक कर दिया गया है. दक्षिण पूर्व रेलवे जोन की ओर से मंगलवार को चक्रधरपुर मंडल को इस संबंध में आधिकारिक आदेश प्राप्त हुआ है. यह नई व्यवस्था 21 फरवरी से प्रभावी होगी. उल्लेखनीय है कि पूर्व में यह ट्रेन केवल राउरकेला तक ही चलती थी, जिसे बाद में टिटलागढ़ तक विस्तार दिया गया था. अब रेल प्रशासन ने एक बार फिर इसकी दूरी बढ़ाते हुए इसे जूनागढ़ रोड तक ले जाने का निर्णय लिया है, ताकि कोल्हान और ओडिशा के सुदूरवर्ती क्षेत्रों के बीच संपर्क को और बेहतर बनाया जा सके.
स्टेशनों पर ट्रेन बदलने की झंझट से मुक्ति
इस विस्तार से जमशेदपुर सहित पूरे कोल्हान क्षेत्र के उन यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, जो व्यापार या निजी कारणों से ओडिशा के अंदरूनी इलाकों में आवागमन करते हैं. इस्पात एक्सप्रेस के जूनागढ़ रोड तक जाने से यात्रियों को अब सीधी ट्रेन सेवा मिलेगी, जिससे उन्हें बीच के स्टेशनों पर ट्रेन बदलने की झंझट से मुक्ति मिलेगी. रेलवे के इस कदम का उद्देश्य दक्षिण-पूर्व रेलवे के नेटवर्क को मजबूत करना और यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करना है. जोन से आदेश मिलने के बाद टाटानगर और चक्रधरपुर मंडल ने परिचालन संबंधी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है.