सूने घर का फायदा उठाकर दिया अंजाम
पीड़ित नकिम अंसारी ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी के निकाह के लिए कर्ज लेकर घर में पैसे और सोने-चांदी के जेवर रखे थे। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गए हुए थे। इसी दौरान बदमाशों ने सूने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे 2 लाख 50 हजार रुपये नकद और लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए।
जब परिवार वापस लौटा, तो घर का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। मुख्य दरवाजे का ताला टूटा था, अलमारी खुली थी और सारा सामान बिखरा पड़ा था।
दो महीने में दूसरी बार निशाना
हैरानी की बात यह है कि पीड़ित परिवार को दूसरी बार निशाना बनाया गया है। दो महीने पहले भी नकिम अंसारी की दुकान में चोरी हुई थी, जिसका खुलासा पुलिस अब तक नहीं कर पाई है। बार-बार हो रही इन वारदातों से ग्रामीणों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है।
प्रशासन से सुरक्षा की मांग
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की तलाश में जुटी है। बेटी की शादी के लिए जमा पूंजी का चोरी होना निंदनीय है। प्रशासन से मांग हैं कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और इलाके में गश्त बढ़ाई जाए। ग्रामीणों ने दोटूक शब्दों में कहा है कि अगर जल्द ही सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।