Jharkhand News: झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को एक महत्वपूर्ण पत्र जारी किया है. इस निर्देश के तहत नक्सली हिंसा और अन्य घटनाओं में जान गंवाने वाले शहीद पुलिसकर्मियों के बच्चों को “नेशनल चिल्ड्रेन फंड” योजना से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है. यह योजना केंद्र सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा संचालित की जाती है, जिसका मुख्य उद्देश्य प्रभावित बच्चों के शैक्षणिक विकास के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करना है.
शैक्षणिक विकास के लिए मिलेगी आर्थिक मदद
मुख्यालय द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि नक्सली हिंसा, आतंकवादी हमलों या सीमा पर होने वाली गोलीबारी में शहीद हुए जवानों के आश्रित बच्चे इस वित्तीय सहयोग के पात्र होंगे. इस पहल का उद्देश्य उन परिवारों को संबल प्रदान करना है, जिनके बच्चे आर्थिक तंगी के कारण अपनी शिक्षा जारी रखने में चुनौतियों का सामना कर रहे हैं. पुलिस मुख्यालय ने इसे शहीद परिवारों के प्रति एक बड़ी राहत बताया है.
जिलों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश
पुलिस महानिरीक्षक (मानवाधिकार) की ओर से जारी इस आदेश में सभी जिलों को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. एसपी को कहा गया है कि वे अपने-अपने जिलों के पात्र लाभुकों की सूची निर्धारित प्रपत्र में तैयार कर गृह विभाग को भेजें. साथ ही, इस कार्रवाई की अनुपालन रिपोर्ट भी पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध करानी होगी.
पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर
पुलिस मुख्यालय का मानना है कि समय पर प्रस्ताव भेजने से पात्र बच्चों को आर्थिक सहायता मिलने में देरी नहीं होगी. इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से उन परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने में मदद मिलेगी जिन्होंने देश और राज्य की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है. विभाग ने इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया है.