Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-16

Ranchi News: रांची मेयर प्रत्याशी रोशनी खलखो ने जारी किया संकल्प पत्र, टैक्स में राहत और हर घर स्वच्छ पानी का किया वादा

Ranchi: रांची नगर निगम के मेयर पद की प्रत्याशी रोशनी खलखो ने चुनावी मैदान में अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए संकल्प पत्र जारी किया। वे इस चुनाव में ऐसी पहली उम्मीदवार बनी हैं, जिन्होंने औपचारिक रूप से अपना विजन डॉक्यूमेंट जनता के सामने रखा।

संकल्प पत्र जारी करते हुए उन्होंने कहा कि होल्डिंग टैक्स, पानी टैक्स और कचरा टैक्स आम नागरिकों के लिए बोझ नहीं बनने दिए जाएंगे। उनका लक्ष्य है कि नगर निगम की नीतियां आम लोगों को राहत देने वाली हों, न कि परेशानी बढ़ाने वाली।

हर घर तक स्वच्छ पानी और वाटर हार्वेस्टिंग पर जोर
रोशनी खलखो ने कहा कि निगम क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही जल स्तर को सुधारने के लिए वाटर हार्वेस्टिंग को अनिवार्य रूप से लागू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सहभागिता से ही योजनाएं सफल होंगी और इसी दिशा में ठोस पहल की जाएगी।

महानगरों जैसी सुविधाएं और बेहतर आधारभूत ढांचा
उन्होंने वादा किया कि रांची में महानगरों की तर्ज पर पर्याप्त सार्वजनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। फुटपाथ दुकानदारों और पैदल चलने वालों के लिए व्यवस्थित स्थान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था भी सुचारू रहे और छोटे व्यापारियों को भी लाभ मिले।

सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और भ्रष्टाचार मुक्त निगम
राजधानी के प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना भी उनके एजेंडे में शामिल है। उनका कहना है कि इससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। इसके अलावा, उन्होंने नगर निगम को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया और कहा कि जन संवाद के माध्यम से हर वार्ड में शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाएगा।

हर वार्ड में "स्मार्ट कार्यालय" की योजना
रोशनी खलखो ने घोषणा की कि प्रत्येक वार्ड में एक स्मार्ट कार्यालय स्थापित किया जाएगा। यहां लोगों को सभी योजनाओं की जानकारी और आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी, जिससे उन्हें निगम मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

निकाय चुनाव के लिए तीन साल की कानूनी लड़ाई
उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव कराने के लिए उन्होंने तीन वर्षों तक कानूनी संघर्ष किया। इस लड़ाई के परिणामस्वरूप राज्य सरकार को चुनाव कराने का निर्णय लेना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि जनता का उन्हें लगातार समर्थन और स्नेह मिल रहा है।

भाजपा नेताओं की मौजूदगी में कार्यक्रम
संकल्प पत्र जारी करने के कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रांची विधायक सीपी सिंह, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
संजय सेठ ने नगर निकाय चुनाव ईवीएम से कराने की वकालत करते हुए कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता चुनाव प्रक्रिया पर नजर रखेगा। वहीं सीपी सिंह ने रोशनी खलखो को समर्पित और सहज उपलब्ध रहने वाली प्रत्याशी बताया और विश्वास जताया कि वे रांची को नई रोशनी देंगी।

“यह सिर्फ संकल्प पत्र नहीं, रांची को सजाने का सपना”
अपने संबोधन के अंत में रोशनी खलखो ने कहा कि यह केवल चुनावी घोषणा पत्र नहीं, बल्कि उनके मन का वह सपना है जिसमें वे रांची को विकास और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ते देखना चाहती हैं। उनका दावा है कि तीन वर्षों से रुका हुआ विकास फिर से रफ्तार पकड़ेगा। 
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !