Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-15

Jamshedpur News: परसूडीह के सरजामदा में ऑटो चालक का शव फंदे से लटका मिला, परिजनों ने जताई साजिश की आशंका

Jamshedpur: परसूडीह थाना क्षेत्र के सरजामदा स्थित घंटी मुहल्ला में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 30 वर्षीय ऑटो चालक दीपक ठाकुर का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। परिजनों ने इसे संदिग्ध बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पिता पहुंचे सरजामदा
मृतक के पिता, जो कीताडीह में रहते हैं, सूचना मिलते ही तुरंत सरजामदा पहुंचे। उन्होंने बताया कि सुबह दीपक की पत्नी सीमा ने उनके छोटे बेटे दीपू कुमार को फोन कर जानकारी दी कि दीपक ने फांसी लगा ली है। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। ड्यूटी पर मौजूद पिता तत्काल सब कुछ छोड़कर घटनास्थल के लिए रवाना हुए।

पिता ने मामले की गहराई से जांच करने की अपील की 
मौके पर पहुंचने के बाद पिता ने जो देखा, उसने उनके संदेह को और गहरा कर दिया। उनका कहना है कि दीपक के दोनों पैर जमीन को छू रहे थे, जिससे उन्हें घटना पर शक हो रहा है। उन्होंने पुलिस से मामले की गहराई से जांच करने और सच्चाई सामने लाने की अपील की है। उनका मानना है कि यह सामान्य आत्महत्या का मामला नहीं हो सकता।

ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था दीपक
बताया जाता है कि दीपक ठाकुर अपने मझले भाई के साथ सरजामदा में रहता था। दोनों भाइयों ने मिलकर वहां घर बनाया था। दीपक ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी सोपोडेरा निवासी सीमा के साथ हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे हैं। परिवार के अनुसार दीपक घर का सबसे बड़ा बेटा था।

दीपक ने नहीं दिया परिवार को सहयोग
पिता ने यह भी बताया कि उन्होंने पहले ही अपने मझले बेटे को सरजामदा में रहने से मना किया था, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी। उन्होंने कहा कि उनके चार बेटे हैं और दीपक सबसे बड़ा था। पिता का यह भी आरोप है कि दीपक और उसका भाई अपनी कमाई में से उन्हें आर्थिक सहयोग नहीं देते थे। हाल ही में दीपक की मां का बड़ा ऑपरेशन हुआ था, जिसमें लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये खर्च हुए थे। इस दौरान दीपक से मदद मांगी गई थी, लेकिन उसने कोई सहयोग नहीं किया।

आपसी मतभेद हो सकती घटना की वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार में आर्थिक और आपसी मतभेद चल रहे थे, जो इस घटना की एक वजह हो सकती है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस की जांच जारी 
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !