Bokaro: जिले में पिछले कुछ दिनों से बच्चा चोरी की झूठी खबरों ने आम जनता के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है। इस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने अब कमर कस ली है। उपायुक्त अजय नाथ झा ने शनिवार को कड़ा रुख अपनाते हुए घोषणा की है कि प्रशासन अब अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगा। उपायुक्त अजय नाथ झा ने शनिवार को जारी बयान में बताया कि जांच के दौरान 300 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स चिन्हित किए गए हैं, जिनके जरिए सुनियोजित तरीके से भ्रामक और अफवाह फैलाने वाले संदेश प्रसारित किए जा रहे थे।
अफवाह फैलाने वाले संदेश प्रसारित किए जा रहे थे
उपायुक्त ने कहा कि अफवाह फैलाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दोषियों की गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि समाज में भय और भ्रम फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट खबर, वीडियो या मैसेज पर भरोसा न करें और उसे सोशल मीडिया पर आगे साझा करने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।
निगरानी तंत्र और मजबूत करने के निर्देश
साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि अफवाह के आधार पर किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ मारपीट, दुर्व्यवहार या हिंसा करने वालों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। पुलिस और प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।