Dumka: दुमका जिला स्थित वीर कुंवर सिंह चौक इलाके में हुए मां-बेटी की दिल दहला देने वाली हत्या कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने जैनुल हक उर्फ जैनुल अंसारी नामक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी, क्योंकि यह वारदात सदर पुलिस निरीक्षक कार्यालय के पीछे बरामदे में अंजाम दी गई थी।
SP ने प्रेस वार्ता कर दी पूरी जानकारी
दुमका के पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि यह घटना मंगलवार रात की है। बुधवार सुबह मां और उसकी छह वर्षीय बेटी का शव बरामद हुआ था। परिजनों ने दोनों की पहचान की, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
मृत महिला काठीकुंड थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और मंगलवार शाम वह वीर कुंवर सिंह चौक के पास खड़ी थी।
दुष्कर्म की कोशिश का विरोध बना मौत की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि एक वाहन चालक जैनुल अंसारी की नजर महिला पर पड़ी। वह महिला को बहला-फुसलाकर इंस्पेक्टर कार्यालय के पीछे ले गया और दुष्कर्म का प्रयास किया।
जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी। घटना के दौरान छह साल की बच्ची ने यह सब देख लिया। आरोपी को डर था कि बच्ची सच उजागर कर देगी, इसलिए उसने उसकी भी बेरहमी से हत्या कर दी।
पांच हजार रुपये लूटकर हुआ फरार
जांच में यह भी सामने आया कि महिला ने उसी दिन बैंक से पांच हजार रुपये निकाले थे। हत्या के बाद आरोपी पैसे और बैंक पासबुक लेकर फरार हो गया।
CCTV फुटेज से खुली गुत्थी
मामले की गंभीरता को देखते हुए SDPO विजय महतो के नेतृत्व में नगर थाना की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास लगे सभी CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
फुटेज में आरोपी को महिला के साथ देखा गया। पुलिस ने आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की, जिन्होंने आरोपी की पहचान उसके कपड़ों के आधार पर की। जांच के दौरान आरोपी का मोबाइल नंबर भी पुलिस के हाथ लगा।
जब पुलिस ने संपर्क करने की कोशिश की तो मोबाइल बंद मिला, जिससे शक और गहरा गया। टेक्निकल टीम की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची। उसके पास से लूटे गए पांच हजार रुपये और बैंक पासबुक बरामद कर लिए गए।
आरोपी को भेजा गया जेल
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे दुमका जिले को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि ऐसे जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।