Ranchi: राजधानी रांची में देर रात सड़कों पर अब पहले जैसी ढील नहीं दिखेगी। शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर जिले के कई संवेदनशील और प्रमुख इलाकों में विशेष जिग-जैग बैरियर लगाए जा रहे हैं, जिनसे होकर गुजरना हर वाहन चालक के लिए अनिवार्य होगा।
अभियान प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक चलेगा
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह विशेष चेकिंग अभियान प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक चलेगा। इस दौरान बिना जांच किसी भी वाहन को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जिग-जैग बैरियर इस तरह से लगाए गए हैं कि वाहन चालकों को धीमी गति से गुजरना पड़े, जिससे पुलिस को हर गाड़ी और उसमें सवार लोगों की ठीक से जांच करने का समय मिल सके।
कई अधिकारी रहे मौजूद
गुरुवार देर रात एसएसपी राकेश रंजन खुद सड़कों पर उतरे और शहर के कई प्रमुख चौक-चौराहों का निरीक्षण किया। उन्होंने राजभवन क्षेत्र, हरमू रोड, अरगोड़ा चौक, बिरसा चौक, मेन रोड, चर्च कॉम्प्लेक्स, अल्बर्ट एक्का चौक और लालपुर सहित विभिन्न इलाकों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक एसपी, प्रशिक्षु आईपीएस और संबंधित डीएसपी भी मौजूद रहे।
जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं
निरीक्षण के समय एसएसपी ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि हर वाहन की गहन जांच की जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जाए। कुछ स्थानों पर देर रात बेवजह खड़े युवाओं को समझाइश देकर घर भेजा गया।
चेकिंग प्वाइंट्स की लोकेशन समय-समय बदलेगी
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिन इलाकों को संवेदनशील माना गया है, वहां कुछ बैरियर स्थायी रूप से लगाए जाएंगे। वहीं, चेकिंग प्वाइंट्स की लोकेशन समय-समय पर बदली जाएगी, ताकि असामाजिक तत्व पुलिस की गतिविधियों का अंदाजा लगाकर बच न सकें। इसके अलावा जिन क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी नहीं है, वहां रात के समय गश्त भी बढ़ाई जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल देना और रात के समय होने वाली संभावित आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखना है। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि जांच के दौरान संयम बरतें और पुलिस कार्रवाई में सहयोग करें, ताकि शहर में शांति और सुरक्षा का वातावरण बना रहे।