Ghatshila: घाटशिला थाना क्षेत्र के कासिदा इलाके में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूल से पढ़ाई कर घर लौट रही पांच वर्षीय मासूम बच्ची को एक तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ा दम
मृत बच्ची की पहचान अराध्या गोराई के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अराध्या सरस्वती शिशु मंदिर में पढ़ती थी और रोज की तरह बुधवार को भी स्कूल से ऑटो में घर लौटी थी। घर के पास ऑटो से उतरने के बाद वह सड़क पार कर रही थी, तभी पीछे से तेज गति से आ रही बाइक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन तुरंत उसे घाटशिला अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही अराध्या ने दम तोड़ दिया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। बच्ची के बड़े पापा निधि राम गोराई ने पुलिस से आरोपी बाइक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि अराध्या अपने भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उससे बड़ी एक बहन और एक भाई है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
घाटशिला पुलिस ने गुरुवार को शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार बाइक सवार की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
क्षेत्र में बढ़ती तेज रफ्तार बनी चिंता का विषय
स्थानीय लोगों का कहना है कि कासिदा क्षेत्र में अक्सर वाहन चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। इस दर्दनाक घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से इलाके में सख्त ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने और तेज रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग की है।