Jamshedpur Big News: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नामदा बस्ती में बुधवार सुबह दिनदहाड़े फल कारोबारी कन्हैया यादव को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी. पांच राउंड फायरिंग में गंभीर रूप से घायल कन्हैया यादव को टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. फिलहाल उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. यह वारदात गोलमुरी थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे पूरे शहर में सनसनी फैल गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और कन्हैया यादव पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे और हमलावर मौके से फरार हो गए.
पुराने विवाद को लेकर चली गोली
सूत्रों के अनुसार हमले का कारण टीन प्लेट काली मंदिर कमिटी के अध्यक्ष पद और 2016 से चले आ रहे पुराने विवाद को माना जा रहा है. पहले इस कमिटी के अध्यक्ष बिल्ला पाठक था, बाद में कन्हैया यादव अध्यक्ष बने. इसी अदावत के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया.
बिल्ला पाठक और विक्की सिंह उर्फ कुंडी का नाम आ रहा सामने
सूत्रों की मानें तो इस मामले में अब बिल्ला पाठक और विक्की सिंह उर्फ कुंडी का नाम सामने आ रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार हमलावरों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
पुलिस कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
यह घटना ऐसे समय हुई है जब निकाय चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू है. इसके बावजूद थाना के पास दिनदहाड़े गोलीबारी ने जमशेदपुर पुलिस की कार्यशैली और शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
जमशेदपुर में बढ़ रहा अपराध का ग्राफ
बीते एक साल से जमशेदपुर में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है. कहीं इनकाउंटर, कहीं अपहरण, तो कहीं दिनदहाड़े फायरिंग जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं. नशे का कारोबार खुलेआम चल रहा है और ड्रग्स की सप्लाई भी बेखौफ जारी है. हाल ही में शहर में अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का खुलासा हुआ था, जिसके संचालक ने सरेंडर किया है.
इन तमाम घटनाओं के बावजूद अपराध पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है. गोलमुरी की यह घटना यह दिखाती है कि अपराधी किसी भी समय, किसी भी जगह वारदात करने से नहीं डर रहे हैं.