Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-10

Ranchi News: रांची में काली स्कॉर्पियो का तांडव, किन्नर को कुचला, युवक को पीटा, पुलिस पर भी चढ़ाई गाड़ी

Ranchi News: राजधानी रांची में सोमवार देर रात से मंगलवार अहले सुबह तक एक काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार दो युवक शहर की सड़कों पर आतंक बनकर घूमते रहे. दोनों ने पहले एक किन्नर को गाड़ी से कुचल कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और फिर एक युवक को बुरी तरह पीटकर अधमरा छोड़ दिया. हालात तब और बिगड़ गए जब इन युवकों ने पुलिस टीम को भी कुचलने की कोशिश की.

देर रात डायल 112 पर मिली सूचना
सोमवार देर रात डायल 112 पर सूचना मिली कि ब्लैक स्कॉर्पियो (JH 01FD 52XX) में सवार दो युवक एक किन्नर को कुचल चुके हैं और एक युवक को मारकर उसके शव को गाड़ी में लेकर भाग रहे हैं. सूचना मिलते ही रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई.

पुलिस की एक टीम ने सड़क पर पड़े घायल किन्नर को अस्पताल पहुंचाया, जबकि दूसरी टीम ब्लैक स्कॉर्पियो की तलाश में निकल पड़ी. इसी दौरान कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय को सूचना मिली कि संदिग्ध वाहन कांके रिंग रोड की ओर देखा गया है.

कांके रिंग रोड पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने बैरिकेड तोड़ते हुए पुलिस पर ही गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया और फरार हो गए.

शहर से बाहर तक पीछा
ढाई बजे रात से शुरू हुआ पीछा कचहरी चौक से कांके रिंग रोड, तिलता चौक, मांडर और नगड़ी तक चला. इस दौरान चार बार पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की गई और कई पुलिस वाहनों को टक्कर भी मारी गई.

स्कॉर्पियो पुलिस को कुचलने के लिए आगे बढ़ी, तब जाकर पुलिस ने की फायरिंग
पुलिस के अनुसार हालात इतने खतरनाक हो चुके थे कि अगर आरोपियों को रोका नहीं जाता तो आम लोगों और पुलिस दोनों की जान को खतरा था. जब एक बार फिर स्कॉर्पियो पुलिस को कुचलने के लिए आगे बढ़ी, तब पुलिस ने टायर को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू की.

एक आरोपी को लगी गोली
फायरिंग के दौरान ड्राइवर सीट पर बैठे युवक इश्तियाक को कमर में गोली लगी. इसके बाद पुलिस ने कार को कब्जे में लिया और दोनों आरोपियों इश्तियाक और गुलफाम को गिरफ्तार कर लिया.

जिस युवक की हत्या की सूचना मिली थी, वह घायल अवस्था में नागा बाबा खटाल के पास मिला. उसकी पहचान कॉलेज छात्र बंटी कुमार के रूप में हुई है. उसकी हालत गंभीर है और सदर अस्पताल में पुलिस की निगरानी में इलाज चल रहा है.

शराब से शुरू हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी कचहरी चौक के एक बार में किन्नरों के साथ शराब पी रहे थे. इसी दौरान किसी बात पर विवाद हुआ और उन्होंने किन्नर को सड़क पर फेंककर अपनी गाड़ी से कुचल दिया.

बीच-बचाव में पिटा युवक
घटना के दौरान बंटी कुमार ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो दोनों आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटा. उसका सिर सड़क के डिवाइडर पर पटक दिया गया और फिर उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाया गया.

पुलिस की सतर्कता से बची बड़ी अनहोनी
बंटी के दोस्तों की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई और लंबे पीछा व मुठभेड़ के बाद आरोपियों को काबू में लिया गया. काली स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है.

यह घटना बताती है कि नशे, हिंसा और कानून के प्रति डर खत्म होने पर हालात कितने भयावह हो सकते हैं. पुलिस पर हमला और आम लोगों को कुचलने की कोशिश सीधे कानून-व्यवस्था को चुनौती है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !