जेल से रिहा हुए करीब 325 अपराधियों की
रांची पुलिस ने हाल के दिनों में जेल से रिहा हुए करीब 325 अपराधियों की सूची तैयार की है, जिनकी गतिविधियों पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। यह सूची वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन के निर्देश पर तैयार की गई है।
संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना उच्चाधिकारियों को दें
इस लिस्ट में चोरी, छिनतई, लूटपाट के साथ-साथ आर्म्स एक्ट के तहत जेल जा चुके अपराधियों के नाम शामिल हैं। एसएसपी ने शहर के सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जेल से छूटे अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना उच्चाधिकारियों को दें।
आर्म्स डिपॉजिट कराने का अभियान तेज
नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की दिशा में पुलिस द्वारा उठाया गया यह कदम काफी अहम माना जा रहा है। इसके अलावा, रांची पुलिस की ओर से आर्म्स डिपॉजिट कराने का अभियान भी चलाया जा रहा है।
हालांकि, कुछ व्यक्तियों ने विशेष परिस्थितियों का हवाला देते हुए हथियार जमा करने में छूट मांगी है। ऐसे मामलों की जांच जिला स्तरीय समिति द्वारा की जा रही है और समिति की अनुशंसा के आधार पर ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।